Loading...

आग की भेंट चढ़ा दो कमरों का मकान, लाखों का हुआ नुकसान

PARUL • 29 Apr 2024 • 1 Min Read

HNN/मंडी

जिला मंडी के थुनाग की ग्राम पंचायत बहल के सैंज में एक अग्निकांड पेश आया है। यहां दो कमरों का मकान जलकर राख हो गया है। अग्निकांड पीड़ित घनश्याम पुत्र खेम सिंह गांव सैंज डाकखाना खुणाची तहसील थुनाग को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित घनश्याम के दो कमरों के मकान में अचानक ही चिंगारी सुलग गई।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा मकान जलकर राख हो गया। पीड़ित घनश्याम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके मकान को किसी व्यक्ति ने जानबूझकर आग लगाई है। उसने बताया कि जिस वक्त घटना को अंजाम दिया गया वहां कोई मौजूद नहीं था। आगजनी की घटना में अंदर रखी लाखों रुपये की संपत्ति राख हो गई है।

उन्होंने कहा कि वह स्वयं करसोग में रहता है। इस घटना में 1 लाख 90 हजार नकदी और दो तोला सोना, दो डबल बेड आदि सामान जल गया। वहीं पुलिस ने शिकायतकर्ता की शिकायत पर अंजान व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है। घटना की पुष्टि थाना प्रभारी जंजैहली रूप सिंह ने की है।