Loading...

आग की भेंट चढ़ा दो कमरों का स्लेटपोश मकान, लाखों का हुआ नुकसान

PARUL • 2 May 2024 • 1 Min Read

HNN/मंडी

जिला मंडी के घरवासड़ा गांव में एक अग्निकांड पेश आया है। यहां दो कमरों वाला स्लेटपोश मकान आग की भेंट चढ़ गया। हालांकि गनीमत यह रही कि अग्निकांड में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पीड़ित बीरू राम निवासी घरवासड़ा को डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, बीती शाम बीरू राम के स्लेटपोश मकान में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। आग लगने की खबर लगते ही पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मकान में रखा आवश्यक सामान व दस्तावेज जलकर राख हो गए।

आग लगने का मुख्य कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। वहीं घटना की सूचना मिलने पर टिहरा पुलिस चौकी का दल मौके पर पहुंचा और घटना का जायजा लिया। नायब तहसीलदार शशिपाल ने बताया कि पटवारी को घटना स्थल पर भेजा है। नुकसान का आकलन करने पर उचित राहत दी जाएगी। वहीं घटना की जानकारी एसडीएम धर्मपुर को दे दी है। डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने घटना की पुष्टि की है।