Loading...

आचार संहिता के बीच जिला में 6 दिन में पकड़ी 8.50 लाख से अधिक राशि

Ankita 25 May 2024 Edited 25 May 1 min read

HNN/कांगड़ा

लोकसभा चुनावों के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता लागू है। इस दौरान शराब की तस्करी और कैश को यहां से वहां लाने ले जाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर है। आदर्श आचार संहिता के बीच जिला कांगड़ा पुलिस, स्टेटिक सर्विलांस और फ्लाइंग सर्विलांस ने पिछले 6 दिनों में चार मामलों में साढ़े आठ लाख रुपये से अधिक कैश बरामद किया है।

इनमें सबसे अधिक कैश शुक्रवार को फ्लाइंग सर्विलांस ने बरामद किया है। उधर, एएसपी बीर बहादुर ने बताया कि लोकसभा चुनाव के चलते पुलिस और फ्लाइंग सर्विलांस की टीमें सक्रिय हैं तथा विभिन्न स्थानों पर नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग की जा रही है।

पुलिस द्वारा उपलब्ध करवाई जानकारी के अनुसार कैश बरामदगी का पहला मामला 19 मई को सामने आया था, जिसमें गाड़ी में सवार एक व्यक्ति से 60 हजार 400 रुपये का कैश बरामद किया गया था। दूसरा मामला 20 मई को सामने आया जिसमें 2 लाख 37 हजार रुपये बरामद किए गए।

तीसरा मामला 22 मई को उजागर हुआ, जिसमें एक लाख रुपये कैश बरामद किया गया जबकि शुक्रवार को फ्लाइंग सर्विलांस टीम ने 4 लाख 70 हजार 800 रुपये का कैश बरामद किया है।