आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक इतनी लीटर अवैध शराब बरामद….
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में चुनाव आचार संहिता के दौरान अवैध कारोबारियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। आए दिन कहीं न कहीं अवैध शराब बरामद हो रही है, जिसमें लगातार आबकारी एवं कराधान विभाग को सफलता मिल रही है। आबकारी विभाग ने जिला चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर, शिमला, कुल्लू और बद्दी में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध कार्यवाही कर अब तक 6805 लीटर शराब व लाहन बरामद की है।
यह जानकारी देते हुए राज्य कर एवं आबकारी आयुक्त डॉ. यूनुस ने यहां बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से विभाग द्वारा गठित 59 टीमों ने सीमावर्ती क्षेत्रों व प्रदेश के भीतर अवैध शराब का कारोबार करने वाले लोगों के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि विभाग की जिला चंबा की टीम ने तीसा क्षेत्र के दुर्गम इलाकों कुड्डी और तरेला में 2550 लीटर लाहन जब्त कर नष्ट की है।
गत सप्ताह चंबा जिला की टीम ने तीसा क्षेत्र के कठिन इलाकों कुथला, दुमास व झन्नास में लगभग 3300 लाहन बरामद कर नष्ट की है। राजस्व जिला नूरपुर की टीम ने पुराना गंगथ क्षेत्र में 1500 लीटर लाहन बरामद की। जिला हमीरपुर की टीम ने भी एक घर की तलाशी के दौरान 86 बक्से, 1032 बोतलें शराब बिना दस्तावेजों के बरामद की व हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम 2011 के अन्तर्गत कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की।
उन्होंने कहा कि जिला शिमला, मंडी व कुल्लू की टीमों ने इस सप्ताह क्रमशः 515, 191 व 141 लीटर अवैध शराब जब्त की है। गत सप्ताह सिरमौर की टीम ने सूत्रों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पांवटा साहिब के साथ लगते टोका खारा जंगल में लगभग 16,000 लीटर लाहन हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम 2011 के अंतर्गत जब्त व नष्ट की थी।