10 करोड़ प्रतिज्ञा महाअभियान : तीन शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को मिला सकारात्मक सोच का संदेश
10 करोड़ प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत विद्यार्थियों को दिया सकारात्मक सोच का संदेश
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
ब्रह्माकुमारीज मेेेैहतपुर की ओर से 10 करोड़ प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोन्दपुर बुल्ला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोन्दपुर जयचंद तथा आईटीआई पंडोगा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली, आत्मबल, जीवन मूल्यों तथा नशे और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर बीके अवधेश ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच और आत्मबल व्यक्ति के जीवन में बड़े बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को आत्मसात करने तथा मोबाइल फोन के अनावश्यक एवं अत्यधिक उपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया। बीके बबीता बहन ने कहा कि जीवन में अच्छे संस्कार और श्रेष्ठ मूल्य अपनाकर नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूरी बनाई जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास भी करवाया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक मेडिटेशन में भाग लिया और इसके माध्यम से मन को शांत एवं एकाग्र रखने के तरीके सीखे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रामजी दास ने कहा कि मेडिटेशन को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। आईटीआई पंडोगा के प्रधानाचार्य राजेश ने कहा कि नियमित मेडिटेशन व्यक्ति को नकारात्मक ऊर्जा और तनाव से दूर रखने में सहायक है। वहीं प्रधानाचार्य विजय कुमारी ने कहा कि मजबूत संकल्प शक्ति के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है।
इस अवसर पर नाजिर सिंह, भीष्म सिंह, बीके शशि, बीके नीलम सहित संबंधित शिक्षण संस्थानों का स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सकारात्मक जीवनशैली अपनाने और श्रेष्ठ मूल्यों को अपने व्यवहार में उतारने का संकल्प भी लिया।