आठ साल पहले बने अपने आधार कार्ड अपडेट कराएं सिरमौरवासी- उपायुक्त
HNN / नाहन
जिला सिरमौर के सभी लोग जिन्होंने पिछले आठ वर्षों में अपना आधार कार्ड अपडेट नहीं करवाया है वह अपना आधार कार्ड अपडेट करवा ले। यह अपील उपायुक्त सिरमौर आरके. गौतम ने जिलावासियो से की। उन्होंने कहा कि वैध और सहायक दस्तावेजों के साथ आधार पोर्टल अथवा आधार ऐप के माध्यम से आधार कार्ड ऑनलाइन अपडेट करवाये जा सकते हैं।
उपायुक्त ने कहा कि पिछले दशक से सार्वभौमिक रूप से यूनिक-12 डिजिट पहचान नम्बर बतौर भारतीय निवासी पहचान के रूप में स्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड के तहत जरूरी डाक्यूमेंट अपडेट होने से जीवन यापन में सुविधा, बेेहतर सेवा वितरण और स्टीक प्रमाणीकरण में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान पता और आवासीय पहचान के प्रमाणीकरण के लिए भी आधार कार्ड अपडेशन नागरिकों के हित में है।
आरके. गौतम ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की कई योजनाओं के अलावा वित्तीय संस्थान जैसे बैंक और एनबीएफसीएस आधार कार्ड के आधार पर ही अपने ग्राहकों को प्रमाणीकृत और निर्बाध सेवाएं प्रदान करते हैं। उपायुक्त ने आधार कार्ड धारकों से शीघ्र अति शीघ्र अपने-अपने मोबाइल नम्बर, मेल आईडी तथा 5 और 15 साल के बच्चों के आवश्यक बायोमेट्रिक के आधार अपडेशन करवाने का भी आग्रह किया है।