आपसी झगड़े में डंडा लगने से 5 साल के बच्चे की मौत ,माँ की शिकायत पर केस दर्ज
HNN/ बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में पुलिस थाना तलाई के तहत परिजनों की लड़ाई में पांच साल के बच्चे की चोट लगने से मौत हो गई। मृतक बच्चे की मां ने परिजनों के खिलाफ पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि वह अपने बेटे और बेटी के साथ शुक्रवार को अपनी ननद के घर बुहाड़ गई थी। दिन के समय उसकी ननद के सास-ससुर उसकी ननद को गालियां दे रहे थे। शाम के समय उसका पति भी वहां आया। तभी वहां पर लड़ाई शुरू हो गई। उसके बाद ननद के ससुर ने मारने के लिए डंडा उठाया और मारने लगा।
ननद के पति ने उसके पति के साथ मारपीट की। इसी बीच उसके बेटे अंश को भी डंडा लग गया। इससे बच्चा बेड के पावे से जा टकराया। उसके बाद वह बच्चों और पति को लेकर अपने घर भडोलियां चली गई। बच्चा रोता रहा और बोल रहा था कि मुझे दर्द हो रहा है। कुछ देर बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई। इसके बाद वह बच्चे को झंडूता अस्पताल लेकर गए। वहा पर डॉक्टर ने उसे चेक किया और मृत घोषित कर दिया। मामले की पुष्टि डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल ने की है।