Loading...

आपसी तालमेल व दो स्तरीय समन्वय के साथ कार्य करेगी सुखविंदर सरकार- विक्रमादित्य सिंह

SAPNA THAKUR 21 Dec 2022 1 min read

HNN/ शिमला

कांग्रेस महासचिव शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में सुखविंदर सिंह सरकार आपसी तालमेल व दो स्तरीय समन्वय के साथ कार्य करेगी, जिसमें आम लोगों व सरकार के बीच सीधा संवाद रहेगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस दिशा में कार्य शुरू कर दिया है। सरकार का पूर्ण गठन होने के तुरंत बाद चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के लोगों को दी गई 10 गारंटी को पूरा करेगी।

अपने निजी निवास होली लॉज में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर खुशी व्यक्त करते हुए सभी विधायकों को एकजुटता के साथ पूरे तालमेल से कार्य करने को कहा है। विक्रमादित्य सिंह ने कांग्रेस को मिले पूर्ण बहुमत पर प्रदेशवासियों विशेष तौर पर जिला शिमला के लोगों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि 8 सीटों में से 7 सीटों पर कांग्रेस को शानदार जीत हासिल हुई।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बागवानो, किसानों, कर्मचारियों व आम लोगों की समस्याओं को अनदेखा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए संसाधनों का सदुपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिन्होंने प्रदेश में अपनी चुनावी जनसभाओं में प्रदेश को अपना दूसरा घर बताया है, प्रदेश के साथ विकास के मामले में कोई भेदभाव नही करेंगे।

उन्होंने कहा कि विपक्ष में होने के बावजूद भी उन्होंने अपने इस क्षेत्र में 100 करोड़ से अधिक विकास कार्यो को पूरा करवाया। उन्होंने कहा कि अब उनका उद्देश्य पांच गुना अधिक कार्य करवाने का है। उन्होंने दोहराया कि वह इस क्षेत्र में पांच हजार से अधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के प्रति बचनबद्ध है।