Loading...

ऑपरेशन सिंदूर और राफेल पर टिप्पणी से सियासी घमासान, जगत सिंह नेगी से माफी की मांग

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 9 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा राफेल और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई टिप्पणियों पर सियासी विवाद गहरा गया है। भाजपा ने इसे भारतीय सेना के सम्मान से जोड़ते हुए कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश डोगरा ने नेगी के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उनसे तत्काल बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है। साथ ही कांग्रेस के प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं।

शिमला

भाजपा प्रवक्ता राकेश डोगरा का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले—सेना के शौर्य पर सवाल उठाने वालों को जवाब दे कांग्रेस नेतृत्व

राकेश डोगरा ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों के शौर्य और पराक्रम पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है। भारतीय सेना किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेता बार-बार सेना की उपलब्धियों पर सवाल खड़े कर देश की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किया कि आखिर उसे भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर गर्व है या पाकिस्तान के दावों पर भरोसा? उन्होंने कहा कि जब भी भारतीय सेना दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब देती है, तब कांग्रेस के कुछ नेताओं की बयानबाजी विवाद पैदा कर देती है। राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषय पर इस तरह की टिप्पणियां बेहद गैर-जिम्मेदाराना हैं।

डोगरा ने आरोप लगाया कि राजस्व मंत्री की टिप्पणियां केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे देश के करोड़ों सैनिक परिवारों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह अपने मंत्री की टिप्पणियों से सहमत है।

भाजपा प्रवक्ता ने मांग की कि राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी भारतीय सेना और देश की जनता से तत्काल बिना शर्त माफी मांगें। साथ ही हिमाचल कांग्रेस नेतृत्व और पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व भी इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करे। उन्होंने कहा कि सेना के सम्मान और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषयों पर राजनीति करने के बजाय सभी दलों को जिम्मेदारी दिखानी चाहिए।

Related Topics: • •