Loading...

एससी कंपोनेंट प्लान का बजट 1,809.35 करोड़ से घटाकर 1,103 करोड़ करने का आरोप: सिकंदर कुमार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 17 Mins Ago • 1 Min Read

राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने हिमाचल प्रदेश सरकार पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में एससी कंपोनेंट प्लान का बजट 1,809.35 करोड़ रुपये से घटाकर 1,103 करोड़ रुपये करने का आरोप लगाया है। पालमपुर में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अनुसूचित जाति वर्ग के उत्थान के बजाय उसे केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है।

पालमपुर

डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के कार्यकाल में अनुसूचित जाति की आबादी के अनुपात को ध्यान में रखते हुए एससी कंपोनेंट प्लान का बजट 11 प्रतिशत से बढ़ाकर 25 प्रतिशत किया गया था। उनके अनुसार, उस दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में डॉ. अंबेडकर भवनों का निर्माण भी करवाया गया। उन्होंने मौजूदा सरकार की बजट नीति को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़ी योजनाओं को पर्याप्त प्राथमिकता देने की मांग उठाई।

एससी कंपोनेंट प्लान का बजट 1,809.35 करोड़ से घटाकर 1,103 करोड़ करने का आरोप: सिकंदर कुमार

केंद्र सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख

सांसद ने दावा किया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने बीते 12 वर्षों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और गरीब परिवारों के सशक्तीकरण के लिए कार्य किया है। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर से जुड़े पांच स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने, भीम ऐप शुरू करने और संविधान दिवस मनाने जैसे कदमों का उल्लेख किया। इसके साथ ही अनुच्छेद 370 और 35ए हटाने तथा अयोध्या हवाई अड्डे का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखने के फैसलों को महत्वपूर्ण बताया।

विधानसभा चुनाव को लेकर किया दावा

आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करते हुए डॉ. सिकंदर कुमार ने दावा किया कि 2027 के चुनाव में कांग्रेस आठ सीटों तक सिमट जाएगी और भाजपा 60 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। बैठक में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, सांसद राजीव भारद्वाज, विधायक विपिन परमार, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मुनीष चौहान, प्रदेश महामंत्री अजय कबीर और मोहन भारती सहित पार्टी के कई पदाधिकारी तथा पूर्व विधायक उपस्थित रहे।

Related Topics: •