Loading...

आपसी सहमति से मामलों के निपटारे के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन

Shailesh Saini • 2 May 2026 • 1 Min Read

सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों को सुलह के जरिए निपटाने की पहल

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

आम लोगों को सरल और सुलभ न्याय प्रदान करने के उद्देश्य से ‘‘समाधान समारोह 2026’’ के तहत विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरमौर एवं वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश नव कमल ने बताया कि यह अभियान 21 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुका है, जिसका समापन 21, 22 और 23 अगस्त को विशेष लोक अदालत के रूप में होगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पहल के तहत सर्वोच्च न्यायालय में लंबित ऐसे मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्हें आपसी सहमति से सुलझाया जा सकता है। इनमें पारिवारिक विवाद, दुर्घटना दावा, चेक बाउंस, भू-अधिग्रहण और अन्य सुलहनीय मामले शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि इन मामलों के निपटारे से पहले राज्य, जिला और तालुका स्तर पर स्थित मध्यस्थता केंद्रों में सुलह बैठकों का आयोजन किया जाएगा, जहां प्रशिक्षित मध्यस्थ पक्षकारों के बीच समझौता कराने का प्रयास करेंगे।

सुलह होने के बाद मामलों का अंतिम निपटारा सर्वोच्च न्यायालय में आयोजित विशेष लोक अदालत के माध्यम से किया जाएगा।इच्छुक पक्षकार अपने मामलों को शामिल कराने के लिए 31 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।