Loading...

आबकारी विभाग की अवैध शराब पर नूरपुर में बड़ी कार्यवाही

By PARUL Published: 24 Apr 2024, 10:31 PM | Updated: 24 Apr 2024, 10:34 PM 1 min read

तीन विभिन्न जगहों पर की छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में लाहन बरामद

HNN/कांगड़ा

जिला कांगड़ा में राज्य कर एंव आबकारी विभाग की टीम ने तीन अलग-अलग मामलों में छापामारी कर बड़ी मात्रा में लाहन बरामद किया है। विभाग ने गुप्त सूत्रों से प्राप्त सूचना के आधार पर यह कार्यवाही अमल में लाई है। जानकारी के मुताबिक राजस्व जिला नूरपुर की तहसील इंदौरा के मंढ क्षेत्र में स्थित तीन विभिन्न स्थानों गगवाल, उलेडिया व त्यौरा में छापेमारी की।

इस छापेमारी में टीम ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए गगवाल में 50000 लीटर, उलेडिया में 41000 लीटर और त्यौरा में 10000 लीटर लाहन बरामद किया। जिसके बाद विभाग की टीम ने आबकारी अधिनियम, 2011 के अंतर्गत त्वरित कार्यवाही करते हुए उसे नष्ट कर दिया।

इसी दौरान एक घर की तलाशी लेते हुए टीम ने 2044 लीटर लाहन बरामद की व हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 के अंतर्गत थाना इंदौरा में एफ आई आर दर्ज की। इस पूरी कार्यवाही में कुल 103044 लीटर लाहन बरामद की गई है, जिसमें 103000 लीटर लाहन नष्ट की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत एक करोड़ तीन लाख चार हजार चार सौ रुपए आंकी गई है।

यह सभी क्षेत्र पंजाब राज्य के ज़िला होशियापुर की मुकेरियां तहसील के साथ लगती सीमा पर स्थित हैं। विभाग की इस कार्यवाही से अवैध शराब बनाने वालों में हड़कंप मच गया है।

आबकारी विभाग की अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ की गई इस छापेमारी को अब तक की बड़ी कार्यवाही माना जा रहा है। आबकारी आयुक्त ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के मद्देनजर आगे भी इस प्रकार की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

Related Topics: