आबकारी विभाग ने सिरमौर के जंगलों में 16 हजार लीटर लाहन समेत भट्ठियां की नष्ट
इतने लाख रुपए आंकी नष्ट की गई लाहन की कीमत…
HNN/ नाहन
राज्यकर एवं आबकारी विभाग ने सिरमौर के जंगलों में दबिश देकर बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया। विभाग ने पांवटा साहिब के टोका और खारा के जंगलों में 6 किमी पैदल दूरी तय करने के बाद बड़ी मात्रा में अवैध शराब को नष्ट कर दिया। साथ ही जलती भट्ठियां भी तोड़ डाली। विभाग ने नष्ट की लाहन की कीमत 16 लाख रुपए आंकी है।
जानकारी के मुताबिक सहायक आयुक्त राज्यकर एवं आबकारी विभाग मनोज घारू और अर्शी शर्मा के नेतृत्व में विभाग की टीम ने इस कार्यवाही को अंजाम दिया है। इस दौरान शशिकांत एसटीईओ, एएसटीईओ सनी वर्मा और प्रेम नेगी के साथ साथ एक्साइज चपरासी रामपाल भी शामिल रहे।
इस टीम ने पांवटा साहिब में पड़ने वाले टोका-खारा वन क्षेत्र में अवैध शराब लाहन की जब्ती के लिए तलाशी अभियान चलाया, जहां टीम सदस्यों ने घने वन क्षेत्र में 6 किमी की दूरी तय करने के बाद दो अलग-अलग स्थानों पर 16,000 लीटर लाहन का पता लगाया। जहां टीम ने मौके पर लाहन और भट्ठियों को नष्ट कर दिया।
हालांकि इस दौरान किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका, क्योंकि टीम के पहुंचने से पहले इस अवैध कारोबार में जुटे लोग मौके से भाग निकले। उधर, राज्यकर एवं आबकारी विभाग सिरमौर के उप आयुक्त हिमांशु पंवर ने बताया कि नष्ट की लाहन की अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रूपए आंकी गई है।
उन्होंने कहा कि विभाग आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान शराब के ऐसे किसी भी गैरकानूनी उत्पादन, कब्जे व परिवहन पर कड़ी निगरानी और नियंत्रण सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। 10 अप्रैल तक राज्यकर एवं आबकारी विभाग ने 17,842 लीटर अवैध शराब जब्त कर नष्ट की है, जिसका मूल्य 23.78 लाख रुपए है।