Loading...

आयुष्मान भारत के डिजिटल मिशन के तहत बनेंगे हेल्थ अकाउंट- सीएमओ

SAPNA THAKUR • 29 Dec 2022 • 1 Min Read

HNN/ नाहन

मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर ड़ॉ. अजय पाठक ने बताया कि आयुष्मान भारत के डिजिटल मिशन के अन्तर्गत ‘‘आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट’’ बनाये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सिरमौर जिला में आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट बनने प्रारम्भ हो गए हैं और लाभार्थी आधार कार्ड के माध्यम से अपना हेल्थ एकाउंट बनवा सकते हैं। इस हेल्थ एकाउंट में सभी लाभार्थियों की स्वास्थ्य सम्बन्धी जानकारी हर समय उपलब्ध रहेगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति अपने नजदीक के हेल्थ वेलनेस सेंटर में जाकर हेल्थ एकाउंट बनवा सकता है और यहां कार्यरत सी.एच.ओ. या डाटा एंट्री ऑपरेटर एकाउंट बनवाने में सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि लाभार्थी स्वयं गूगल प्ले स्टोर में ‘‘आभा ऐप’’ डाउनलोड करके भी अपना हेल्थ एकाउंट बनवा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि अक्सर देखने में आता है कि पुराने मेडिकल रिपोर्ट या हेल्थ डॉक्यूमेंट खो जाते हैं परन्तु इस हेल्थ एकाउंट के बनने से यह समस्या खत्म हो जाएगी। सरकार ने लोगों को इस प्रकार की समस्या से निजात दिलाने के लिए डिजिटल हेल्थ एकाउंट की शुरूआत की है, इस एकाउंट में सभी मेडिकल डॉक्यूमेंट और रिपोर्ट सेवा उपलब्ध रहेंगे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आग्रह किया है कि सभी लोग जल्द से जल्द अपना और अपने परिवार का हेल्थ एकाउंट बनवा लें ताकि भविष्य में उन्हें किसी समस्या का सामना न करना पड़े। हेल्थ एकाउंट के सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए जिला समन्यव अधिकारी रमन शर्मा से मोबाइल 94590-01304 पर संपर्क कर सकते हैं।