Loading...

इकबाल मोहम्मद चौधरी और आशिक चौधरी को कांग्रेस ने 6 साल के लिए दिखाया बाहर का रास्ता

PRIYANKA THAKUR • 24 Jan 2023 • 1 Min Read

दोनों ने जिम्मेदाराना पद पर रहते हुए अजय सोलंकी के खिलाफ रची थी चुनाव में साजिश

HNN / नाहन

23 जनवरी को सर्किट हाउस नाहन में मंडल अध्यक्ष ज्ञानचंद चौधरी की अध्यक्षता में हुई नाहन मंडल कांग्रेस की बैठक में इकबाल मोहम्मद चौधरी और आशिक चौधरी को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है। इकबाल मोहम्मद चौधरी जोकि प्रदेश अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष थे जबकि आशिक चौधरी जिला सिरमौर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पद पर काबिज थे। मंडल की बैठक में नवंबर 2022 में संपन्न हुए चुनाव के दौरान भीतर घातियों पर गंभीर मंथन किया गया।

मंडल कांग्रेस के हाथ लगे कुछ विश्वसनीय सबूतों के आधार पर पता चला कि चुनावों के दौरान प्रत्याशी को नुक्सान पहुंचाने के उद्देश्य से आजाद उम्मीदवार भी खड़ा किया गया था। दोनों मुख्य पदाधिकारियों के द्वारा भाजपा के इशारे पर क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी विरोधी प्रचार-प्रसार करने का भी आरोप सही पाया गया है। जिसको लेकर मंडल अध्यक्ष के द्वारा कार्यकारिणी के साथ हुए विस्तृत विचार विमर्श के बाद दोनों पदाधिकारियों को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से बर्खास्त करते हुए 6 साल के लिए निलंबित कर दिया गया है।

हालांकि दोनों पदाधिकारी जिला और राज्य स्तर के हैं जिसके लिए मंडल निष्कासन का प्रस्ताव दे सकता है। क्योंकि राज्य और जिला स्तर के पदाधिकारियों को निष्कासित करने का अधिकार मंडल के पास नहीं होता। बावजूद इसके कार्यकारिणी के साथ हुए लंबे विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है। उधर, आशिक चौधरी ने कहा कि उनका निष्कासन गलत है मंडल को निष्कासित करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें डिफेंड करने की कोशिश की जा रही है, उन्होंने पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा के साथ काम किया है।

बैठक में पिछले चुनाव के दौरान भी दोनों पदाधिकारियों के द्वारा भितरघात किए जाने को लेकर चर्चा भी हुई थी। मगर इस बार पार्टी के द्वारा भीतर घातियों को सबक सिखाते हुए बाहर का रास्ता दिखाया है। बैठक में नासिर रावत, बाबूराम, राकेश गर्ग, अशोक सैनी, ज्ञानचंद, जय सिंह, सोहन, निखिल कुमार, मान सिंह, कुलदीप धीमान, पालम सिंह, नरेंद्र तोमर, हरप्रीत कौर, शाकिर खान, अजमल खान, महबूब अली, बिट्टू, आशीष सैनी, गुलफाम, संजय, प्रदीप चौधरी, रमणीक ठाकुर, सुरेंद्र ठाकुर, ईश्वर आदि सदस्यों के द्वारा भाग लिया गया।