इटरनल यूनिवर्सिटी बडू साहिब में बीसीए स्कॉलरशिप कोर्स हुआ शुरू
HNN/ नाहन
जिला सिरमौर के बड़ू साहिब की इटरनल यूनिवर्सिटी के नव गुरुकुल और श्रीबद्रिका आश्रम के साथ साझेदारी में सौ प्रतिशत स्कॉलरशिप के साथ बीसीए कार्यक्रम लॉन्च किया गया। इटरनल यूनिवर्सिटी में श्रीबद्रिका आश्रम और नव गुरुकुल के सहयोग से बीसीए (बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लिकेशन) कोर्स का शुभारंभ किया गया।
इस तीन वर्षीय कार्यक्रम का शुभारंभ यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में किया गया। जहां शिक्षकों, विद्यार्थियों और अतिथियों की उपस्थिति में यह ऐतिहासिक कदम उठाया गया। कार्यक्रम के दौरान इटरनल यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. जसविंदर सिंह, श्रीबद्रिका आश्रम के प्रतिनिधि राजीव मित्तल, रवि त्रिवेदी प्रोग्राम लीड एवं विशाल सहित नव गुरुकुल की संस्थापक निधि ने इस महत्वपूर्ण पहल की सराहना की और सभी छात्राओं के साथ ऑनलाइन वार्तालाप किया और इस प्रोग्राम के दूरगामी प्रभावों पर प्रकाश डाला।
यह बीसीए कोर्स उन छात्रों के लिए एक सुनहरा अवसर है। जो कंप्यूटर विज्ञान में अपनी शिक्षा को आगे बढ़ाना चाहते हैं, मगर आर्थिक बाधाओं के कारण ऐसा नहीं कर पा रहे थे। इस कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों को न केवल मुफ्त शिक्षा प्राप्त होगी। बल्कि उन्हें उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण और प्लेसमेंट की भी गारंटी दी जाएगी।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को तकनीकी कौशल में निपुण बनाना और उन्हें आईटी उद्योग में उच्चतम मानकों के अनुसार तैयार करना है। इस पहल के साथ इटरनल यूनिवर्सिटी, श्रीबद्रिका आश्रम और नव गुरुकुल ने शिक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है, जो आने वाले समय में छात्रों के लिए अनगिनत संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
अंत में इस प्रोग्राम के मुख्य संयोजक इटरनल यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर एडमिशन बलराज सिंह ने सभी उपस्थित अतिथिओं का धन्यवाद किया और कलगीधर ट्रस्ट के प्रेजिडेंट बाबा दविंदर सिंह का विशेष धन्यवाद किया। जिनके सहयोग से इटरनल यूनिवर्सिटी में यह स्कॉलरशिप बीसीए कार्यक्रम की शुरुआत हुई है।