इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन के लिए परिवहन विभाग को दी जाएगी भूमि- डीसी
HNN / नाहन
इलेक्ट्रिक व्हीकल की चार्जिंग के लिए हैवी ड्यूटी चार्जिंग स्टेशन के निर्माण के लिए सरकार की ओर से परिवहन विभाग को वांछित भूमि उपलब्ध करवाई जाएगी। यह जानकारी उपायुक्त आर.के. गौतम ने दी है। उन्होंने जिला के सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र में हैवी ड्यूटी चार्जिंग स्टेशन के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चयन कर परिवहन विभाग के नाम भूमि स्थानांतरित करने का मामला तुरंत उपायुक्त कार्यालय को प्रेषित करें।
उपायुक्त ने सभी विभागों को अपने-अपने कार्यालयों में इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए चार्जिंग स्टेशन के लिए स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सभी विभागों के फ्यूल व्हीकल, इलेक्ट्रिक व्हीकल में तबदील हो सकते हैं, इसलिए सभी विभाग समय रहते अपनी-अपनी तैयारी करें।
उपायुक्त ने परिवहन तथा एच.आर.टी.सी. के अधिकारियों से कहा कि एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग के लिए जिला के सभी प्रमुख स्थलों के लिए तुरंत उपयुक्त भूमि का चयन करना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने अधिकारियोे को निर्देश दिए कि ऐसे पेट्रोल पंपों की जानकारी हासिल करें जहां पर हैवी ड्यूटी व्हीकल चार्जिंग प्वाइंट कार्यरत हैं अथवा यहां पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा सकते हैं।