उत्तराखंड, पंजाब और हिमाचल में इस दिन पहुंचेगा मानसून….
HNN/शिमला
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक रविवार को मानसून अंडमान-निकोबार पहुंच गया है, जबकि दूसरी ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून 31 मई तक केरल पहुंच जाएगा। पिछले साल भी मानसून ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 19 मई को ही दस्तक दी थी, लेकिन केरल में नौ दिन देरी से आठ जून को पहुंचा था।
इस साल मानसून सामान्य तारीख से पहले ही केरल में दस्तक दे सकता है। वैसे केरल में मानसून आने की सामान्य तारीख पहली जून है। आईएमडी के अनुसार, मानसून के मध्य प्रदेश में 16 से 21 जून और राजस्थान में 25 जून से छह जुलाई तक पहुंचने के आसार हैं। वहीं यूपी में 18 से 25 जून और बिहार-झारखंड में 18 जून तक पहुंच जाएगा।
इसके अलावा महाराष्ट्र में नौ से 16 जून, उत्तर प्रदेश में 18 से 25 जून, जम्मू और लद्दाख में 22 से 29 जून और चंडीगढ़ में मानसून के 28 जून तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। गौरतलब है कि देश में मानसून सबसे पहले 31 मई को केरल पहुंचेगा और सबसे आखिर में 25 जून से छह जुलाई के बीच राजस्थान पहुंचेगा।
हिमाचल में 22 जून को पहुंचने के आसार
चिलचिलाती धूप झेल रहे हिमाचल में मानसून 22 जून को दस्तक देगा। तब तक प्रदेश को झुलसाती गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है।
हालांकि कुछ जगह सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से राहत मिल सकती है, लेकिन उसके बाद प्री-मानसून की बौछारों का ही इंतजार करना होगा।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब में मानसून 26 जून से पहली जुलाई, चंडीगढ़ में 28 जून, हरियाणा में 27 जून से तीन जुलाई, उत्तराखंड में 20 से 28 जून तथा दिल्ली में 27 जून को पहुंचेगा।