HNN /नाहन
हिमाचल प्रदेश सरकार में उद्योग, संसदीय कार्य एवं आयुष मंत्रालय का पदभार ग्रहण करने के बाद हर्षवर्धन चौहान रविवार को पहली बार जिला सिरमौर पहुंचे। इस दौरान हर्षवर्धन चौहान का सिरमौर की सीमा पर अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के वरिष्ठ नेता नरवीर शर्मा के नेतृत्व में कर्मचारियों ने जहां प्रेम नगर में स्वागत किया, तो वही सराहां में भी कांग्रेस नेताओं ने हर्षवर्धन चौहान का जोरदार स्वागत किया।

उसके बाद उद्योग मंत्री चौहान का जगह-जगह पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया।नाहन पहुंचने पर उद्योग मंत्री हर्ष चौहान का शहर के माल रोड स्थित घर पर भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए एकत्रित हुए। उसके पश्चात सर्किट हाउस में पहुंचने पर सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर मीडिया से बातचीत में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता संभालते ही पहले ही मंत्रिमंडल की बैठक में ओपीएस की बहाली की है। साथ ही महिलाओं के लिए ₹1500 मासिक पेंशन के अलावा कांग्रेस द्वारा जो 10 गारंटीयां हिमाचल के लोगों को दी गई है उस पर कांग्रेस सरकार खरा उतरेगी।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि किस प्रकार उद्योगों को हिमाचल की ओर आकर्षित किया जाए इस दिशा में प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार हिमाचल में सिंगल विंडो सिस्टम समाप्त करेगी तथा एक अन्य व्यवस्था बनाई जाएगी ताकि उद्योगपतियों को एनओसी लेने के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रदेश के आर्थिक संसाधन बढ़ाने के लिए सरकार कुछ टैक्स लगाने पर भी विचार कर रही है।

उन्होंने कहा कि उद्योगों में हिमाचल प्रदेश के युवाओं को 70% रोजगार मिले इस दिशा में छानबीन की जाएगी।उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में सेचुरेशन आ रहा है इसके लिए रेवेन्यू की आवश्यकता है। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने हिमाचल प्रदेश में चुनावी वर्ष के दौरान अंतिम समय में जो 900 संस्थान खोले थे वह बिना बजट के प्रावधान के खोलकर प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया गया था।

उन्होंने कहा कि इन तमाम संस्थानों को फिलहाल सरकार ने डिनोटिफाई कर दिया है तथा वित्तीय व्यवस्था के बारे में विचार किया जा रहा है। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश के विकास के लिए कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि किस प्रकार वित्तीय संसाधन बढ़ाया जाए इसके लिए सभी मंत्रिमंडल के सदस्य कार्य करेंगे तथा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सभी विभागों को मजबूती प्रदान की जाएगी।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में खनन व्यवसायियों पर भी शिकंजा कसा जाएगा तथा जो खनन व्यवसाई सरकार को उचित राजस्व नहीं दे रहे हैं उन पर भी कार्यवाही की जाएगी। नाहन सर्किट हाउस में आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान हर्षवर्धन चौहान को विधायक अजय सोलंकी के अलावा जिला अध्यक्ष आनंद परमार, प्रदेश सचिव व प्रवक्ता रुपेंद्र ठाकुर , नाहन मंडल के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट जग्गी शर्मा, जयदीप शर्मा के साथ-साथ पूर्व विधायक कंवर अजय बहादुर सिंह, नाहन नगर परिषद के पार्षद राकेश गर्ग उपस्थित रहे।
वहीं, प्रशासन की ओर से उपायुक्त रामकुमार गौतम व पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा के अलावा एनपीएस कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र पुंडीर, महिला विंग की अध्यक्ष प्रतिका प्रमाण, प्रदेश प्रवक्ता ओम प्रकाश शर्मा, सुनील तोमर, सुरेश तोमर, संदीप कश्यप और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ कांग्रेस के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भी जोरदार स्वागत किया।
नाहन में जोरदार स्वागत के बाद हर्षवर्धन चौहान देर शाम पांवटा साहिब के लिए रवाना हुए।

