उधमपुर में बड़ा हादसा: 200 फीट गहरी खाई में गिरी सीआरपीएफ की गाड़ी, तीन जवान बलिदान, कई घायल
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ क्षेत्र में सीआरपीएफ की एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीन जवानों ने बलिदान दिया है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
उधमपुर
कदवा इलाके में हुआ हादसा, राहत कार्य जारी
सोमवार को बसंतगढ़ के कदवा क्षेत्र में सीआरपीएफ का वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गया। इस भीषण हादसे में तीन जवानों की मौके पर ही मृत्यु हो गई और लगभग 18 जवान घायल हो गए।
घायलों की हालत गंभीर, रेफर की तैयारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घायलों को तुरंत बसंतगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर घायलों को उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर किए जाने की तैयारी है।
दुर्घटना के कारणों की जांच जारी
प्रशासन के अनुसार हादसे के पीछे सड़क की खराब स्थिति या वाहन में तकनीकी खराबी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
शोक की लहर, सैन्य बल में मातम
इस दुखद हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। बलिदान देने वाले जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए स्थानीय नागरिकों और प्रशासन ने गहरा दुख जताया है।