Loading...

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ललड़ी में किया डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा का अनावरण

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 20 Apr 2025 • 1 Min Read

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

बाबा साहब को श्रद्धांजलि, सामाजिक न्याय और समानता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प

हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के ललड़ी गांव में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें समर्पण, न्याय और समानता का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों, जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लिया।

बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल संविधान निर्माता नहीं, बल्कि करोड़ों वंचितों की आवाज थे। उन्होंने सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष कर भारत को एक समावेशी राष्ट्र का स्वरूप दिया। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा केवल सम्मान नहीं, बल्कि उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।

समानता और समरसता के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सामाजिक समरसता, समान अवसर और न्याय को सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। वंचित वर्गों के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि हर वर्ग को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री की पुण्य स्मृति में 51 हजार की राशि प्रदान

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री की पुण्य स्मृति में कमेटी को 51,000 रुपये की राशि भेंट की। उन्होंने समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाने की अपील की।

स्थानीय लोगों ने जताया आभार

ललड़ी गांव के निवासियों ने इस ऐतिहासिक क्षण के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी तथा सामाजिक चेतना को नई दिशा देगी।