ब्राह्मण सभा नाहन के अध्यक्ष सुखदेव शर्मा का निधन, शहर में शोक की लहर
अजय सोलंकी और डॉ. राजीव बिंदल ने जताया गहरा शोक, बोले—सुखदेव शर्मा का निधन सामाजिक व धार्मिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
ब्राह्मण सभा नाहन के अध्यक्ष एवं शहर के प्रमुख समाजसेवी सुखदेव शर्मा का गुरुवार प्रातः करीब 7 बजे निधन हो गया। वह लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनका अंतिम संस्कार आज सायं 4 बजे नाहन के मोक्षधाम में किया जाएगा।
उनके निधन की खबर से पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है।सुखदेव शर्मा पूर्व मंत्री स्वर्गीय श्याम शर्मा के भाई थे। उन्होंने राज्य कर एवं आबकारी विभाग में अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्ति ली थी। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने सामाजिक और धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
ब्राह्मण सभा नाहन को सक्रिय एवं मजबूत बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल गोगा माड़ी से भी उनका गहरा जुड़ाव था। वह गोगा माड़ी के प्रमुख भगत के रूप में धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय रहे। गंभीर बीमारी के बावजूद अंतिम समय तक वह ब्राह्मण सभा और धार्मिक कार्यों से जुड़े रहे।
उनके निधन से सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र में एक बड़ी रिक्तता पैदा हुई है।उनके पौत्र भावन शर्मा भी अपने दादा के बताए मार्ग पर चलते हुए सामाजिक कार्यों तथा शहर की समस्याओं को लेकर सक्रिय रहे हैं। दादा के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सुखदेव शर्मा के निधन पर स्थानीय विधायक अजय सोलंकी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति विनोद शर्मा, पूर्व जिला सिरमौर भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, वार्ड नंबर-2 के अध्यक्ष नरेंद्र तोमर तथा ब्राह्मण सभा से जुड़े अनिल शर्मा उर्फ टीपू सहित अनेक लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि सुखदेव शर्मा का निधन नाहन के सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।