Loading...

नाहन चौगान में शान से लहराया तिरंगा, मंत्री राजेश धर्माणी ने परेड की सलामी लेकर दिया विकसित हिमाचल का संदेश

Shailesh Saini • 6 Hours Ago • 1 Min Read

बाढ़ बचाव से लेकर कानून-व्यवस्था तक उत्कृष्ट योगदान, 35 अधिकारियों-कर्मचारियों को किया सम्मानित

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

जिला मुख्यालय नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और राष्ट्र गौरव के माहौल में धूमधाम से मनाया गया। समारोह में प्रदेश के आवास, नगर एवं ग्राम नियोजन, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण किया और भव्य परेड की सलामी ली।

उन्होंने जिला वासियों सहित प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन किया।

समारोह से पूर्व मुख्य अतिथि राजेश धर्माणी ने हिमाचल निर्माता डॉ. वाई.एस. परमार की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा शहीद चौक पहुंचकर देश के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इसके बाद चौगान मैदान में आयोजित भव्य परेड में पुलिस, सुरक्षा बलों तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों की 15 टुकड़ियों ने अनुशासन और देशभक्ति का शानदार प्रदर्शन करते हुए मार्च पास्ट किया।

परेड का नेतृत्व परेड कमांडर एएसआई आशीष कुमार ने किया।इस अवसर पर राजेश धर्माणी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक तारीख नहीं, बल्कि उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की अमर स्मृति है, जिनके कारण भारत ने पराधीनता की बेड़ियां तोड़कर स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर अपनी पहचान बनाई।

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 1947 का दिन वर्षों के अथक संघर्ष और अनगिनत बलिदानों का परिणाम है। यह अवसर हमें उन वीर सपूतों के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और समर्पण को याद करने की प्रेरणा देता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

धर्माणी ने हिमाचल प्रदेश के वीर सपूतों के योगदान को भी नमन करते हुए कहा कि प्रदेश के अनेक वीरों ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश की एकता, अखंडता तथा संप्रभुता को मजबूत बनाने में अमूल्य योगदान दिया। उन्होंने कहा कि इन वीरों का त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानियों, उनके आश्रितों, सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और उनके हित में अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं।तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के हाईटेक दौर में प्रदेश सरकार युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कर रही है।

इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डाटा साइंस, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, मशीन लर्निंग और ड्रोन टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। युवाओं के कौशल विकास और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाने के लिए प्रशिक्षुओं को एक्सपोजर विजिट पर भी भेजा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 18 से 27 वर्ष तक के विद्यार्थियों को प्रवेश के बाद प्रदेश तथा बाहरी राज्यों के सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में आईआईटी, एनआईटी, आईआईएम, एम्स और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में शिक्षा पर होने वाले खर्च का वहन कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा उपलब्ध करवाना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

सरकार के प्रयासों से प्रदेश गुणात्मक शिक्षा के मामले में देश में पांचवें स्थान पर है। प्रदेश के 156 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ा गया है और अब तक करीब 24 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने सीबीएसई स्कूलों में दाखिला लिया है।धर्माणी ने बताया कि जिला सिरमौर में 50,438 पात्र वृद्ध, विधवा और दिव्यांग व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही है, जिस पर 22 करोड़ 33 लाख रुपये व्यय किए गए हैं।

वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान जिले में 14,875 नए पात्र लोगों की पेंशन स्वीकृत की जा चुकी है।समारोह के दौरान विभिन्न स्कूलों और संस्थानों के प्रतिभागियों ने देशभक्ति एवं हिमाचली संस्कृति से ओतप्रोत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि राजेश धर्माणी ने जिला सिरमौर में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 35 अधिकारियों, कर्मचारियों तथा अन्य व्यक्तियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया।

जलमूसा खड्ड और कटासन मंदिर के समीप आई बाढ़ के दौरान फंसे लोगों तथा मवेशियों को सुरक्षित निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले गृह रक्षक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, निर्वाचन प्रक्रिया तथा विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान उल्लेखनीय योगदान देने वाले बूथ लेवल अधिकारियों और निष्ठापूर्वक सेवाएं देने वाले एचआरटीसी बस चालकों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

भव्य परेड में भाग लेने वाली विभिन्न टुकड़ियों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को भी मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया।नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने भी जिला वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी का यह पर्व हमें देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करने के साथ राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के मूल्यों को मजबूत करते हुए शिक्षा, विकास, सामाजिक समरसता और जनसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल और सिरमौर की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

समारोह में उपायुक्त सिरमौर , पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी, नाहन के विधायक अजय सोलंकी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Topics: