उपायुक्त जतिन लाल ने ऊना के खिलाड़ी अंकुश को भेंट की क्रिकेट किट , बढ़ाया हौसला

ऊना में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक प्रेरक कदम उठाते हुए उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने शुक्रवार को स्थानीय खिलाड़ी अंकुश को एक संपूर्ण क्रिकेट किट भेंट की। इस अवसर पर सीपीओ ऊना संजय संख्यान भी मौजूद रहे।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

अंकुश करेगा हिमाचल का प्रतिनिधित्व
उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि अंकुश इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लेने जा रहे हैं, जो आगामी 3 से 9 नवंबर तक दिल्ली में आयोजित होगा। अंकुश हिमाचल प्रदेश की ओर से चयनित होकर इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

खेल प्रतिभाओं को मिल रहा प्रोत्साहन
उपायुक्त ने कहा कि युवाओं में छिपी खेल प्रतिभा को पहचानना और उन्हें आवश्यक सहयोग देना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अंकुश जैसे खिलाड़ी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने में जुटे हुए हैं।

खिलाड़ी ने जताया आभार
अंकुश ने उपायुक्त जतिन लाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनके लिए एक बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने संकल्प जताया कि वे पूरी लगन और समर्पण से खेलेंगे ताकि जिला ऊना और हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकें।

अंकुश का परिचय
गौरतलब है कि अंकुश उपमंडल ऊना के संतोषगढ़ क्षेत्र के निवासी हैं और वे 3 से 9 नवंबर तक दिल्ली में होने वाली डेफ राष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट प्रतियोगिता में भाग लेंगे।