उपायुक्त ने ऑपरेशन सिंदूर में घायल हुए सब इंस्पेक्टर व्यास देव से की मुलाकात, परिवार को दिया सम्मान और आश्वासन
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
हरोली के जवान की वीरता को सलाम, प्रशासन देगा हरसंभव सहयोग
व्यक्तिगत रूप से पहुंचे डीसी जतिन लाल
भारत-पाकिस्तान सीमा पर ऑपरेशन सिंदूर के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए हरोली क्षेत्र के बाथू गांव निवासी सब इंस्पेक्टर व्यास देव से उपायुक्त जतिन लाल ने उनके घर जाकर मुलाकात की। उन्होंने व्यास देव की वीरता को सलाम करते हुए उन्हें और उनकी पत्नी परमजीत कौर को सम्मानित किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अमित यादव भी साथ मौजूद रहे।
वीरता और बलिदान को बताया प्रेरणास्रोत
डीसी जतिन लाल ने कहा कि व्यास देव जैसे बहादुर सिपाही देश की असली ताकत हैं। उनकी वीरता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा हम सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन व्यास देव और उनके परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करेगा ताकि वे सम्मान के साथ जीवन व्यतीत कर सकें।
सीमा पर अद्भुत साहस का परिचय
गौरतलब है कि 9 मई 2025 को सीमा पार से हुई गोलीबारी के दौरान व्यास देव ने असाधारण साहस दिखाते हुए देश की रक्षा की और इस दौरान उन्होंने अपना बायां पैर खो दिया। उनके इस बलिदान को जिला प्रशासन ऊना ने नमन करते हुए उन्हें सम्मानित किया है।
परिवार को मिला प्रशासनिक आश्वासन
उपायुक्त ने कहा कि वीर सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान व सहयोग सरकार की प्राथमिकता है। प्रशासन हर कदम पर उनके साथ खड़ा रहेगा।