ऊना को तंबाकू मुक्त जिला बनाने की मुहिम तेज़, उपायुक्त जतिन लाल ने दिए सख्त निर्देश
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
ऊना जिले को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। उपायुक्त जतिन लाल की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय तंबाकू नियंत्रण समन्वय समिति की बैठक में 9 अक्तूबर से शुरू हुए 60 दिवसीय ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0’ की समीक्षा की गई और आगे की रणनीति तय की गई। उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान को एक जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा ताकि नई पीढ़ी तंबाकू के दुष्प्रभावों से मुक्त स्वस्थ जीवन जी सके।
सफलता के लिए साझे प्रयास जरूरी
उपायुक्त ने कहा कि यह केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक मिशन है। उन्होंने शिक्षा, पुलिस, ग्रामीण विकास, नगर निकाय, आयुष, जनसंपर्क विभाग और एनजीओ सहित सभी संस्थानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जब सभी विभाग मिलकर काम करेंगे तभी यह मुहिम सफल होगी।
युवाओं में जागरूकता पर रहेगा फोकस
जतिन लाल ने कहा कि तंबाकू सेवन असमय मृत्यु और गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। इसकी शुरुआत प्रायः किशोरावस्था में होती है, इसलिए युवाओं में जागरूकता फैलाना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने शिक्षण संस्थानों को पूर्णतः तंबाकू मुक्त बनाने के निर्देश दिए और कहा कि स्कूलों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित हो।
उन्होंने पंचायतों में ‘तंबाकू मुक्त गांव’ बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने पर जोर दिया। साथ ही पंचायत घरों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता बैनर और सूचना पट्ट लगाने के निर्देश दिए।
उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि यदि किसी भी रेस्तरां या बार में नियमों का उल्लंघन कर हुक्का परोसा जाता है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने हिमाचल प्रदेश तंबाकू उत्पाद नियंत्रण अधिनियम, 2016 और खुली सिगरेट एवं बीड़ी की बिक्री निषेध अधिनियम, 2016 को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सीओटीपीए-2003 और पीईसीए-2019 के तहत प्रवर्तन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, सभी मीडिया माध्यमों का उपयोग कर तंबाकू मुक्त समाज के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रसारित करने पर भी बल दिया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस. के. वर्मा, तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला अधिकारी डॉ. अंकित चौधरी, नगर निगम ऊना के संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।