ऊना जिले में 3 अक्तूबर से शुरू होगी धान खरीद प्रक्रिया, 31 दिसम्बर तक चलेगी खरीद
किसानों को अनिवार्य रूप से करना होगा ऑनलाइन पंजीकरण, 48 घंटे में भुगतान का प्रावधान
ऊना जिला में धान खरीद प्रक्रिया 3 अक्तूबर से शुरू होकर 31 दिसम्बर तक जारी रहेगी। यह जानकारी उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने दी। उन्होंने बताया कि धान की खरीद अधिकृत मंडियों — कृषि उपज विपणन समिति रामपुर, अनाज मंडी टकारला और टाहलीवाल — में की जाएगी।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
ऑनलाइन पंजीकरण जरूरी
उपायुक्त ने कहा कि किसान अपनी धान की फसल को घर के नजदीक मंडियों में बेच सकते हैं, लेकिन इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण के लिए पोर्टल www.hpappp.nic.in खोला जा चुका है। जिन किसानों ने अभी तक पंजीकरण नहीं करवाया है, उन्हें शीघ्र पंजीकरण करने का आग्रह किया गया।
न्यूनतम समर्थन मूल्य और भुगतान
धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) ग्रेड-ए के लिए ₹2,389 प्रति क्विंटल तय किया गया है। किसानों को फसल का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में 48 घंटों के भीतर कर दिया जाएगा।
संपर्क सूत्र
अधिक जानकारी के लिए किसान जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले कार्यालय ऊना (01975-226016) या क्षेत्रीय प्रबंधक, हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम समिति हमीरपुर (01972-223922) से संपर्क कर सकते हैं।