ऊना दौरे पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू करेंगे 221 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
दो दिवसीय दौरे के दौरान गगरेट, बंगाणा व ऊना में सौंपेंगे बड़ी सौगातें, कई जल परियोजनाएं और सड़कें शामिल
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 7 और 8 जून को ऊना जिले के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे करीब 221 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। गगरेट, बंगाणा और ऊना उपमंडलों में जल आपूर्ति, सड़कों, कॉलेज भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों और पुलों के निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी।
गगरेट क्षेत्र को मिलेगी 75 करोड़ की सौगात
7 जून को मुख्यमंत्री गगरेट में 75.10 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसमें स्वां नदी पर 400 मीटर का पुल, चार खड्डों पर छोटे पुल, पिपलू लिंक रोड पर पुल, राम मंदिर से जट्टां दा बेहड़ा तक सड़क टारिंग, और राजकीय डिग्री कॉलेज दौलतपुर चौक के भवन निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज अम्बोटा में वर्कशॉप, कई मल्टी विलेज पेयजल योजनाएं और ट्यूबवेल सुधार कार्य भी शुरू किए जाएंगे।
बंगाणा क्षेत्र को मिलेंगे 180 करोड़ से अधिक के प्रोजेक्ट्स
बंगाणा में मुख्यमंत्री लगभग 180.41 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे। इस दौरान अधिशासी अभियंता कार्यालय भवन, जल निगरानी केंद्र, स्कूल भवन, स्वास्थ्य केंद्र, ग्रामीण आजीविका केंद्र, सिंचाई योजनाएं, वर्षा जल संचयन परियोजनाएं, राज्य कर विभाग का भवन, और कई ग्रामीण सड़कें लोकार्पित व शिलान्यास की जाएंगी। वे पिपलू में नरसिंह देव मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे और भलेत में कुटलैहड़ महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में मुख्यातिथि रहेंगे।
ऊना मुख्यालय क्षेत्र में भी होंगे 25 करोड़ से अधिक के उद्घाटन
8 जून को ऊना में मुख्यमंत्री 25.79 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें राजकीय डिग्री कॉलेज ऊना में न्यू गर्ल्स हॉस्टल, नवनिर्मित शैक्षणिक ब्लॉक, और रावमापा छात्र ऊना का नया भवन शामिल हैं। दोपहर 12 बजे वे शिमला के लिए रवाना होंगे।