ऊना नगर निगम ने बढ़ाई पार्किंग अवधि, अब मात्र 10 रुपये में आधा घंटा पार्किंग सुविधा उपलब्ध
ऊना नगर निगम ने शहर में यातायात प्रबंधन सुधारने और लोगों की सुविधा बढ़ाने के लिए पार्किंग अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। व्यापारी प्रतिनिधियों की मांग पर डीसी के निर्देशों का पालन करते हुए यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
नगर निगम ने बढ़ाई पार्किंग अवधि, लोगों को मिली राहत
ऊना नगर निगम ने शहरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अपने सभी पार्किंग स्थलों पर 10 रुपये शुल्क में पार्किंग अवधि 20 मिनट से बढ़ाकर आधा घंटा कर दी है। आयुक्त एवं एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि यह कदम जनता की आवश्यकता को देखते हुए उठाया गया है, जिससे शहर आने वाले लोगों को अधिक सहूलियत मिलेगी।
व्यापारियों की मांग पर प्रशासन ने लिया निर्णय
शहर के व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल ने उपायुक्त जतिन लाल से मुलाकात कर पार्किंग अवधि बढ़ाने की मांग रखी थी। डीसी ने जनहित को ध्यान में रखते हुए नगर निगम आयुक्त को आवश्यक निर्देश जारी किए, जिसके बाद नई पार्किंग व्यवस्था लागू की गई। इससे शहर में छोटी अवधि के लिए आने वाले लोगों को विशेष रूप से राहत मिलेगी।
अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ अभियान जारी
आयुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने कहा कि नगर निगम शहर में अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ निरंतर कार्रवाई कर रहा है। पार्किंग अवधि बढ़ाने से यातायात प्रबंधन और भी प्रभावी होगा। उन्होंने लोगों से बेहतर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
प्रशासन के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी
हाल ही में जिला प्रशासन ने शहर में अव्यवस्थित पार्किंग और भीड़भाड़ को नियंत्रित करने के लिए कई स्थानों को नो पार्किंग–नो वेंडिंग जोन घोषित किया था। निगम द्वारा लिया गया यह निर्णय प्रशासनिक पहल को और अधिक मजबूत बनाएगा।