ऊना नगर निगम में गरीबों के पक्के घर का सपना होगा साकार, 31 मई तक करें आवेदन
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत आर्थिक रूप से कमजोर शहरी परिवारों को मिलेगा पक्का घर
योजना के पहले चरण में 114 आवेदन, अधिकतर नए शामिल क्षेत्रों से
ऊना नगर निगम क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए पक्के घर का सपना अब जल्द साकार होने जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के प्रथम चरण के लिए अब तक 114 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 90 से अधिक आवेदन हाल ही में नगर निगम क्षेत्र में शामिल 14 पंचायतों से आए हैं।
31 मई तक ऑनलाइन आवेदन का मौका
नगर निगम ऊना के संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि इच्छुक पात्र परिवार यूनिफाइड वेब पोर्टल या निकटतम लोकमित्र केंद्र के माध्यम से 31 मई 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत नगर नियोजन क्षेत्र (टीसीपी एरिया) के परिवार भी आवेदन के पात्र हैं।
यह रहेगी पात्रता
इस योजना का लाभ वही परिवार ले सकते हैं जिनके पास भारत में कहीं भी पक्का घर नहीं है। वार्षिक आय 3 लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए। साथ ही आवेदनकर्ता के नाम पर नगर निगम क्षेत्र या निकटवर्ती टीसीपी क्षेत्र में भूमि होनी चाहिए। पति-पत्नी और अविवाहित बच्चों को एक परिवार माना जाएगा।
मिलेगी 2.5 लाख रुपये की सहायता तीन किस्तों में
पात्र लाभार्थियों को 2.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तीन चरणों में दी जाएगी। पहली किस्त नींव का कार्य पूरा होने पर, दूसरी छत तक निर्माण पूरा होने पर और तीसरी किस्त मकान पूरी तरह बनने के बाद जारी की जाएगी।
जरूरी दस्तावेजों की सूची
योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक को आधार कार्ड, बैंक खाते की कॉपी, भूमि के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज, आय प्रमाण पत्र और शपथ पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक है।
नगर निगम ने की अपील
मनोज कुमार ने नगर निगम ऊना के सभी पात्र परिवारों से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ लेने के लिए समय पर आवेदन करें और अपने सपनों का पक्का घर बनाएं। अधिक जानकारी के लिए नगर निगम कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।