ऊना पुलिस ने टकारला क्रशर विवाद में किया नया खुलासा, शिकायतकर्ता का नाम किया संशोधित

हिमाचल न्यूज़ | लेटेस्ट हिमाचल न्यूज़

ऊना पुलिस ने टकारला क्रशर विवाद से जुड़े मामले में नया खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने बताया कि पूर्व में जारी प्रेस नोट में शिकायतकर्ता का नाम गलत दर्ज हुआ था, जिसे अब सुधार दिया गया है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

शिकायतकर्ता का नाम हुआ संशोधित
पुलिस अधीक्षक ऊना कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार थाना अंब में दर्ज मामले से संबंधित शिकायतकर्ता का सही नाम हरीश कुमार उर्फ हरीश चन्द्र मोदगिल पुत्र श्री विशन चन्द, निवासी गांव टकारला, तहसील अंब, जिला ऊना है। पहले जारी प्रेस नोट में नाम त्रुटिवश गलत अंकित हुआ था।

क्रशर यूनिट साझेदारी विवाद का मामला
मिली जानकारी के अनुसार हरीश कुमार ने वर्ष 2006 में अपने भाई सतीश कुमार के साथ साझेदारी में टकारला स्थित एक क्रशर यूनिट शुरू की थी। वर्ष 2007 में जब वह कनाडा में थे, तो आरोपियों ने उनके नाम पर स्टांप पेपर खरीदकर जाली हस्ताक्षर के माध्यम से साझेदारी समाप्त कर दी और नई पार्टनरशिप डीड तैयार कर ली। इसमें आरोपी ने कमल किशोर नामक व्यक्ति को 35 प्रतिशत लाभांश का भागीदार बनाया, जबकि शेष 65 प्रतिशत लाभ अपने नाम पर कर लिया।

2022 तक मिला मुनाफा, फिर खुला धोखाधड़ी का राज
शिकायतकर्ता के अनुसार उसका भाई वर्ष 2022 तक हिस्से का मुनाफा देता रहा ताकि उसे किसी प्रकार का संदेह न हो। बाद में जब हरीश कुमार को वास्तविकता का पता चला, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज किया अभियोग, जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस ने संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।