ऊना में एचआईवी/एड्स और टीबी के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए हस्ताक्षर अभियान शुरू
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना से किया शुभारंभ, जिलेभर के स्कूल और कॉलेज भी होंगे शामिल
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
जागरूकता का नया संकल्प
ऊना में एचआईवी/एड्स और टीबी के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ऊना डॉ. संजीव वर्मा की अध्यक्षता में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना से शुरू हुआ। इस कार्यक्रम का आयोजन सनराइज एनजीओ के सहयोग से किया गया, जिसमें चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने भाग लिया।
जिले भर में फैलेगा जागरूकता संदेश
डॉ. वर्मा ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवाओं को एचआईवी, एड्स और क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में यह अभियान पहली बार जिला ऊना से शुरू हुआ है। जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों को इस मुहिम से जोड़ा जाएगा ताकि अधिकतम लोगों तक स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश पहुंचे।
टीबी जांच में ऊना जिला अग्रणी
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विशाल ठाकुर ने बताया कि ऊना जिले में अब तक 1,01,321 की संवेदनशील आबादी को चिन्हित कर लगभग सभी की टीबी जांच पूरी कर ली गई है। साथ ही, 60 हजार लोगों के एक्स-रे भी कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान से न केवल बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ेगी बल्कि लोग समय रहते जांच और उपचार की ओर प्रेरित होंगे।
स्वास्थ्य अधिकारियों की रही सहभागिता
इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक ऊना डॉ. संजय मनकोटिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकित चौधरी, डॉ. पुष्पेंद्र राणा, डॉ. ऋचा कालिया, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेश शर्मा, डॉ. रामपाल, डॉ. शिंगारा सिंह, डॉ. पंकज पराशर, डॉ. राहुल कतना, जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी गोपाल कृष्ण, लक्ष्य कंसल्टेंट प्रिय शर्मा सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।