ऊना में जनगणना 2027 के लिए तैयारियां तेज, तीन दिवसीय प्रशिक्षण में अधिकारियों को डिजिटल प्रक्रिया की दी जा रही जानकारी
तीन दिवसीय प्रशिक्षण के जरिए अधिकारियों को जनगणना 2027 की पूरी प्रक्रिया और डिजिटल सिस्टम की जानकारी दी जा रही है। प्रशासन ने पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य पूरा करने पर विशेष जोर दिया है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
जनगणना 2027 के लिए जिला स्तर पर प्रशिक्षण शुरू
भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए जिला ऊना में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। डीआरडीए सभागार में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी भाग ले रहे हैं।
डिजिटल माध्यम से होगा अधिकांश कार्य
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि इस बार जनगणना का बड़ा हिस्सा डिजिटल माध्यम से पूरा किया जाएगा। इसके लिए फील्ड स्टाफ को मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से डेटा एकत्र करने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई जा रही है, ताकि कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाती है जनगणना
प्रशिक्षण सत्र में अधिकारियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जनगणना देश के विकास के लिए एक आधारभूत प्रक्रिया है। इसके जरिए जनसंख्या, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, शिक्षा और आवास से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े प्राप्त होते हैं, जो भविष्य की योजनाओं और नीतियों को तय करने में सहायक होते हैं।
दो चरणों में होगी जनगणना प्रक्रिया
अधिकारियों को जानकारी दी गई कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। पहले चरण में मकानों की सूची तैयार की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या से संबंधित विस्तृत आंकड़े एकत्र किए जाएंगे। साथ ही पहली बार नागरिकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्वयं गणना करने की सुविधा भी प्रदान की जा रही है।
समन्वय और सावधानियों पर भी विशेष फोकस
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को डेटा संकलन के सही तरीके, निर्धारित प्रपत्रों का उपयोग और नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय बनाने के तरीकों पर भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। कार्यक्रम में जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।