ऊना में बनेगा आधुनिक सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच
ऊना के हरोली क्षेत्र के रोड़ा गांव में 9.97 करोड़ रुपये की लागत से बनने जा रहा सिंथेटिक ट्रैक जिले को एथलेटिक्स का नया केंद्र बनाएगा। इससे ऊना और आसपास के जिलों के युवा वैज्ञानिक तरीके से प्रशिक्षण पाकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंच सकेंगे।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
खेल बुनियादी ढांचे में बड़ा निवेश, केंद्र सरकार से मिली मंजूरी
ऊना जिले में खेल अधोसंरचना के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। हरोली विधानसभा क्षेत्र के रोड़ा गांव में 9.97 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक तैयार किया जाएगा, जिसे केंद्र सरकार की स्वीकृति मिल चुकी है। यह ट्रैक ऊना समेत आसपास के जिलों के एथलीटों को आधुनिक प्रशिक्षण की सुविधा देगा।
आधुनिक सुविधाएं और छात्रावास पहले से मौजूद
जिले में पहले से ही युवा सेवा एवं खेल विभाग द्वारा संचालित छात्रावास है, जहां आधुनिक प्रशिक्षण की व्यवस्था उपलब्ध है। अब इस ट्रैक के जुड़ने से एथलेटिक्स में करियर बनाने की चाह रखने वाले खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय अभ्यास मैदान मिलेगा, जिससे वे राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
खेलों में अग्रणी रहा है ऊना जिला
ऊना के खिलाड़ी पहले से ही हॉकी, कबड्डी और पैरा एथलेटिक्स जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाकर जिले का नाम रोशन कर चुके हैं। यह परंपरा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन चुकी है, जिसे अब और मजबूती मिलेगी।
खेल से जुड़े युवाओं को सकारात्मक दिशा की ओर ले जा रहे हैं
उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि खेल अधोसंरचना के विकास से युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखा जा रहा है और उन्हें एक सकारात्मक दिशा में बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि ऊना की खेल प्रतिभाएं निरंतर राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर रही हैं।
राज्य सरकार खेलों में ऊना की पहचान को और मजबूत कर रही – अग्निहोत्री
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना ने खेलों में अपनी अलग पहचान बनाई है और सरकार इसे और मजबूत करने के लिए वैज्ञानिक कोचिंग और आधुनिक खेल सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है। रोड़ा में बनने वाला यह ट्रैक युवा खिलाड़ियों के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में सहायक बनेगा।