ऊना/वीरेंद्र बन्याल
एसआईयू की सतर्कता से पकड़ी गई नशे की खेप, मामले की जांच जारी
नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को बल देते हुए जिला ऊना में एसआईयू विंग ने दो युवकों को चिट्टे सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मंडी जिले से संबंध रखने वाले ये दोनों युवक ऊना के घालूवाल पुल के पास ख्वाजा मंदिर के समीप संदिग्ध गतिविधियों के चलते पकड़े गए।
संदिग्ध दिखने पर रोकी बाइक, तलाशी में निकला चिट्टा
एसपी अमित यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एसआईयू टीम रोजाना की तरह संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। हैड कांस्टेबल योगेश दीप की अगुवाई में जब टीम घालूवाल पुल के पास तैनात थी, तभी बाइक पर सवार दो युवक होशियारपुर की ओर जाते दिखे। उनकी हरकतें संदिग्ध लगने पर जब उन्हें रोका गया और तलाशी ली गई, तो उनके पास से 4.88 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दीपक कुमार (25), गांव गुहड़ मजबाड, डाकघर अप्पर भाम्बला, तहसील बलदवाड़ा, जिला मंडी तथा सुनील कुमार (26), गांव व डाकघर पोंटा, तहसील सरकाघाट, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
कहां से आई खेप और किसे थी सप्लाई – जांच में जुटी पुलिस
एसपी ने बताया कि अब पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि आरोपी यह नशे की खेप कहां से लेकर आए थे और इसे कहां सप्लाई करने की योजना थी। इससे जुड़े नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है ताकि नशे के कारोबार की जड़ों तक पहुंचा जा सके।

