ऊना में वन विभाग की कार्रवाई, लकड़ी से लदे 15 वाहन बिना दस्तावेज जब्त
वन विभाग ने दौलतपुर चौक क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान लकड़ी से लदे 15 वाहनों को बिना वैध दस्तावेज पकड़ा है। विभाग ने सभी वाहनों को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
सुबह नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई
वन विभाग खंड दौलतपुर चौक की टीम ने रविवार सुबह चलेट क्षेत्र में विशेष नाका लगाकर कार्रवाई की। बीओ संजीव बीटन के नेतृत्व में वन रक्षक राकेश कुमार, दविंद्र कुमार और अजय कुमार सहित टीम ने सुबह करीब छह बजे अलग-अलग मार्गों से गुजर रहे लकड़ी से लदे वाहनों को जांच के लिए रोका।
दस्तावेज न होने पर 15 वाहन जब्त
जांच के दौरान कुल 15 वाहनों को काबू किया गया, जो चलेट, मरवाड़ी और सुरंगद्वारी मार्ग से गुजर रहे थे। विभागीय पूछताछ में सामने आया कि सभी वाहन जिला कांगड़ा से संबंधित हैं और हिमाचल से लकड़ी लेकर पंजाब की ओर जा रहे थे। जब चालकों से लकड़ी और उसके परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए तो कोई भी चालक मौके पर कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। कुछ वाहनों में बांस लदा होने की भी पुष्टि हुई है।
वन विभाग की जांच जारी
बीओ संजीव बीटन ने बताया कि सभी जब्त वाहनों को वन विभाग के घंडावाल डिपो में सुरक्षित खड़ा करवा दिया गया है। डीएफओ ऊना सुशील कुमार ने पुष्टि करते हुए कहा कि बिना दस्तावेज लकड़ी ले जाने के मामले में विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि लकड़ी का कटान कहां से हुआ और इसमें कौन-कौन शामिल है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।