ऊना में सर्वाइकल कैंसर से बचाव को 29 मार्च, 5 व 12 अप्रैल को विशेष टीकाकरण अभियान
ऊना जिले में 14–15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण का विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने स्कूलों और घर-घर पंजीकरण के माध्यम से व्यापक तैयारी शुरू कर दी है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
तीन चरणों में होगा विशेष टीकाकरण
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना डॉ. संजीव वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) से बचाव तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से 29 मार्च से विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया जा रहा है। जिले में 29 मार्च, 5 अप्रैल और 12 अप्रैल को टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को टीका लगाया जाएगा।
पंजीकरण प्रक्रिया 20 मार्च तक पूर्ण
अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग 10 मार्च तक सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा प्रवासी श्रमिक परिवारों का हाउस-टू-हाउस पंजीकरण करेगा। इसके बाद 20 मार्च तक ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया पूरी की जाएगी, ताकि पात्र किशोरियों को समय पर टीकाकरण उपलब्ध कराया जा सके।
एचपीवी संक्रमण पर जागरूकता आवश्यक
डॉ. वर्मा ने बताया कि एचपीवी संक्रमण विश्व स्तर पर महिलाओं में पाए जाने वाले प्रमुख संक्रमणों में से एक है और भारत में यह गर्भाशय ग्रीवा कैंसर का बड़ा कारण है। समय पर टीकाकरण, सुरक्षित व्यवहार, नियमित जांच और जागरूकता के माध्यम से इस गंभीर बीमारी से प्रभावी बचाव संभव है।
सुरक्षा मानकों का रखा जाएगा विशेष ध्यान
टीकाकरण खाली पेट नहीं किया जाएगा और टीका लगाने के बाद किशोरियों को आधे घंटे तक निगरानी में रखा जाएगा, ताकि किसी भी संभावित प्रतिकूल प्रतिक्रिया की स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। किशोरियां स्वयं भी आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकती हैं।
अभिभावकों से सहयोग की अपील
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह, पंचायती राज संस्थाएं और शिक्षा विभाग अभियान में सहयोग करेंगे। विद्यालयों में आयोजित अभिभावक बैठकों के माध्यम से भी टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित कर इस गंभीर बीमारी के उन्मूलन में सहयोग दें।