ऊना में सामाजिक सुरक्षा पेंशनरों की ई-केवाईसी के लिए विशेष सत्यापन अभियान जारी
ऊना/वीरेंद्र बन्याल।
अभियान का उद्देश्य
जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तहत जिला ऊना के 70,093 पेंशनरों की ई-केवाईसी सुनिश्चित करने के लिए ई-कल्याण मोबाइल ऐप से विशेष सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान जिला, तहसील और पंचायत स्तर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।
पेंशनरों से अपील
उन्होंने कहा कि सभी लाभार्थी 30 सितम्बर से पहले अपने आधार कार्ड, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और पते की नवीनतम जानकारी अपडेट करवा लें। यह प्रक्रिया स्थानीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से पूरी की जाएगी।
असत्यापित पेंशनरों को चेतावनी
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन पेंशनरों की जानकारी सत्यापित नहीं होगी, उनके पेंशन वितरण का कार्य नए पोर्टल पर बाधित हो जाएगा। वर्तमान में अधिकांश पेंशनरों का सत्यापन हो चुका है और शेष का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है।