गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक बोझ कम करने के उद्देश्य से हिमकेयर योजना को नई गति दी गई है। ऊना जिले में पिछले तीन वर्षों में 45,721 लाभार्थियों को 42 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की गई है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
योजना क्रियान्वयन पर प्रशासनिक निगरानी
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार जिले में हिमकेयर योजना की नियमित समीक्षा की जा रही है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग समन्वित रूप से कार्य कर पात्र नागरिकों को समय पर पंजीकरण और उपचार सुविधा उपलब्ध करवा रहे हैं।
73,113 हिमकेयर कार्ड जारी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने जानकारी दी कि जिले में अब तक 73,113 परिवारों के हिमकेयर कार्ड बनाए जा चुके हैं। कुल 72,752 लाभार्थी उपचार सुविधा प्राप्त कर चुके हैं तथा योजना प्रारंभ से अब तक 62 करोड़ रुपये से अधिक की राशि उपचार पर व्यय की जा चुकी है।
प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक कैशलेस सुविधा
योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में प्रति परिवार प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार कवरेज उपलब्ध है। यदि परिवार में पांच से अधिक सदस्य हैं तो अतिरिक्त सदस्यों को अलग इकाई के रूप में नामांकित किया जा सकता है।
श्रेणीवार प्रीमियम व्यवस्था
श्रेणी–1 में बीपीएल परिवार, आयुष्मान से वंचित पंजीकृत स्ट्रीट वेंडर, न्यूनतम 50 दिन कार्य करने वाले मनरेगा श्रमिक तथा अनाथालयों में रहने वाले बच्चों के लिए शून्य प्रीमियम निर्धारित है।
श्रेणी–2 में एकल नारी, 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग, मिड-डे मील वर्कर, दैनिक वेतनभोगी, कांट्रैक्चुअल व आउटसोर्स कर्मचारी के लिए 365 रुपये वार्षिक प्रीमियम है, जबकि अन्य पात्र नागरिकों के लिए 1000 रुपये वार्षिक प्रीमियम निर्धारित किया गया है।
आवेदन प्रक्रिया सरल और पारदर्शी
पात्र नागरिक www.hpsbys.in वेबसाइट या लोक मित्र केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। प्रति परिवार ई-कार्ड बनाने के लिए 50 रुपये शुल्क निर्धारित है। आयुष्मान भारत से सूचीबद्ध सभी अस्पताल हिमकेयर योजना से जुड़े हैं और ट्रांजैक्शन मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से कैशलेस उपचार प्रदान कर रहे हैं।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group