ऊना से हरिद्वार के लिए कल से रेल सेवा शुरू, शेड्यूल जारी
HNN/ऊना
जिला ऊना से हरिद्वार तक रेल सेवाएं कल यानि 1 मार्च से शुरू होंगी। रेल मंत्रालय ने ट्रेनों की तारीख और शेड्यूल जारी कर दिया है। शुक्रवार 1 मार्च को ट्रेन अंब अंदौरा स्टेशन से दोपहर 1:50 बजे रवाना होगी और करीब सात घंटे के सफर के बाद ट्रेन रात 9 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। अगली सुबह, ट्रेन सुबह 4:00 बजे ऊना के लिए वापसी कर दोपहर 12:30 बजे तक ऊना रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी।
रेलवे स्टेशन ऊना अधीक्षक रोदाश सिंह द्वारा यह जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि ऊना-हरिद्वार ट्रेन का नंबर 04502 और हरिद्वार-ऊना ट्रेन का नंबर 04501 होगा। हालांकि ऊना से सहारनपुर जाने एवं वहां से आने की समयसारिणी में इस ट्रेन के हरिद्वार तक चलने के बावजूद कोई बदलाव फिलहाल तक नहीं है।
ट्रेन को विस्तार मिलने से ऊना एवं प्रदेश वासी धार्मिक स्थल हरिद्वार में गंगा दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि पहली मार्च से ऊना हरिद्वार एमईएमयू ट्रेन सहारनपुर पहुंचने के बाद रूड़की स्टेशन होकर हरिद्वार पहुंचेगी। दो मार्च से वहां से प्रतिदिन सुबह 04 बजे ऊना के लिए रवाना होगी। इसके आने जाने की तिथि रेलवे बोर्ड ने घोषित कर दी है।