ऊना से हरिद्वार जाने वाली ट्रेन की समयसारिणी जारी
HNN/ऊना
हिमाचलवासियों के लिए हरिद्वार की हर की पौड़ी में गंगा स्नान करना बेहद आसान होने वाला है। प्रदेश के जिला ऊना से प्रतिदिन सहारनपुर के लिए चलने वाली मेमू ट्रेन का अब आखिरी स्टॉपेज हरिद्वार होगा। ऊना रेलवे स्टेशन से दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर चलने वाली मेमू ट्रेन मौजूदा समय में सहारनपुर तक चलती है, लेकिन केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के प्रयासों से अब इस ट्रेन का विस्तार करते हुए हरिद्वार तक कर दिया गया है, जिसके पहुंचने का समय करीब 7 घंटे होगा।
उम्मीद है कि अगले माह के पहले या दूसरे सप्ताह में ही इस ट्रेन की सुविधा शुरू हो जाएगी। बता दें कि ऊना प्रतिदिन चलने वाली मेमू ट्रेन दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर ऊना से चलकर शाम 7 बजकर 15 मिनट पर सहारनपुर पहुंचती है। यह ट्रेन सरहिंद, अंबाला व जगाधरी स्टेशन से होकर गुजरती है। अब ट्रेन का विस्तार करते हुए हरिद्वार तक कर दिया है, जोकि रूड़की स्टेशन होते हुए रात्रि करीब 9 बजे यात्रियों को हर की पौड़ी पहुंचाएगी।
वहीं वापसी में यही ट्रेन सुबह करीब 4 बजे हरिद्वार से ऊना के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन वापसी में 6 बजकर 30 मिनट पर सहारनपुर पहुंचेगी। इसके बाद पुरानी समयसारिणी के अनुसार ही चलेगी जोकि दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर ऊना के रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को पहुंचाएगी।
इस ट्रेन के शुरू होने से जिला ऊना के साथ-साथ हमीरपुर, बिलासपुर व कांगड़ा के हजारों लोगों को सीधा लाभ होगा। इससे पहले हरिद्वार जाने के लिए लोगों को सहारनपुर से या तो ट्रेन बदलनी पड़ती थी या फिर बस लेनी पड़ती थी। अब सीधी ट्रेन होने से लोगों को काफी फायदा मिलेगा।