एक्सपोजर विजिट / हिमाचल के मेधावी छात्र करेंगे विदेश यात्रा :  शिक्षा मंत्री

हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार आगामी वर्ष से उत्कृष्ट स्कूली विद्यार्थियों को एक्सपोजर विजिट के लिए विदेश भेजेगी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में गुणात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सुधारात्मक कदम उठा रही है। शिक्षकों के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए भी एक्सपोजर विजिट को प्राथमिकता दी जा रही है।

शिक्षा मंत्री मंगलवार को ऊना जिले के अंब उपमंडल के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरवाईं में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इस अवसर पर चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू और हिमाचल सरकार के महाधिवक्ता अनूप रत्न विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि वर्तमान में 200 से अधिक शिक्षकों को एक्सपोजर विजिट के लिए विदेश भेजा गया है। अब यह सुविधा विद्यार्थियों को भी प्रदान की जाएगी ताकि उन्हें वैश्विक स्तर पर बेहतर शिक्षा और अनुभव प्राप्त हो सके। उन्होंने महाधिवक्ता अनूप रत्न द्वारा अपने गृह क्षेत्र के स्कूल भरवाईं को हिमाचल सरकार के अपना विद्यालय – हिमाचल स्कूल अडॉप्शन कार्यक्रम के तहत गोद लेने की पहल की खुले मन से तारीफ की। उन्होंने कहा कि रत्न का अपने क्षेत्र के लिए भावनात्मक जुड़ाव सबके लिए एक प्रेरणा है।

शिक्षा मंत्री ने भरवाईं स्कूल के खेल मैदान के शेष कार्य के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इसके लिए पहले भी 47 लाख रुपये दिए जा चुके हैं, लेकिन कार्य पूरा करने के लिए 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने इसके अलावा स्कूल में स्नानागार निर्माण के लिए 5 लाख तथा स्कूल के पुराने भवन के रखरखाव व मरम्मत कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की तथा स्कूल में जिम निर्माण को लेकर जिला प्रशासन को निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल में अतिरिक्त कमरे व परीक्षा हॉल के निर्माण के लिए आगामी बजट में प्रावधान करने का आश्वासन दिया।

रोहित ठाकुर ने कहा कि चिंतपूर्णी क्षेत्र में शिक्षा क्षेत्र की मजबूती के लिए हर मांग को प्राथमिकता पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने चिंतपूर्णी कॉलेज के लिए जमीन की औपचारिकताएं पूर्ण होते ही पैसे का प्रावधान करने का भरोसा दिलाया। शिक्षा मंत्री ने युवा मन के निर्माण के साथ देश को दिशा देने में अध्यापकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपनी जिम्मेदारी समझने तथा उसे तत्परता से निभाने का आह्वान किया। उन्होंने अकादमिक क्षेत्र तथा खेलों व अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों में अव्वल रहे प्रतिभावान बच्चों को पुरस्कृत किया।

महाधिवक्ता अनूप रत्न ने भरवाईं स्कूल को गोद लिया, प्रदान की 5 लाख की सहयोग राशि

इस मौके पर अपने संबोधन में हिमाचल सरकार के महाधिवक्ता अनूप रत्न ने भरवाईं स्कूल को गोद लेने की घोषणा की। वे इसी स्कूल के छात्र रहे हैं। रत्न ने अपने माता-पिता के नाम पर तथा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की प्रेरणा से भरवाईं स्कूल के लिए अपनी ओर से 5 लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। उन्होंने शिक्षा मंत्री के माध्यम से उक्त धनराशि का चेक स्कूल प्रबंधन को सौंपा।

रत्न ने बताया कि 80 के दशक में उन्होंने इसी स्कूल से प्राथमिक से लेकर हाई स्कूल तक की पढ़ाई की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की सोच के अनुरूप, सरकार द्वारा आरंभ किए गए अपना विद्यालय – हिमाचल स्कूल अडॉप्शन कार्यक्रम के तहत भरवाईं स्कूल को गोद लिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे हर तरह से स्कूल की मदद के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि अकादमिक क्षेत्र के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी भरवाईं स्कूल का हमेशा दबदबा रहा है। उन्होंने इसे और ऊंचे मुकाम पर ले जाने का आह्वान किया।

उन्होंने अभिभावकों को अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूल की बजाय सरकारी स्कूल में पढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूल बच्चों के शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास में सक्षम हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य निर्माण में अध्यापकों और अभिभावकों का मार्गदर्शन जीवनोपयोगी होता है। उन्होंने बच्चों से माता-पिता और शिक्षकों के निर्देशों का सम्मान करने और मोबाइल की लत व नशे से दूर रहने का आह्वान किया। समारोह में प्रधानाचार्य सुरिंद्र कुमार ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने अकादमिक क्षेत्र तथा खेलों व अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों में स्कूल के शानदार प्रदर्शन से अवगत कराने के साथ ही स्कूल में ढांचागत सुधार व स्मार्ट कक्षाओं को लेकर किए कार्यों की जानकारी भी दी। वहीं, इस मौके समारोह में स्कूली बच्चों ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया।

समारोह में उपायुक्त जतिन लाल, एसडीएम अंब सचिन शर्मा, उप निदेशक उच्च शिक्षा राजेंद्र कौशल, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोमपाल धीमान, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधि समेत, बच्चों के अभिभावक, स्थानीय लोग उपस्थित थे।

माता श्री चिंतपूर्णी जी मंदिर में नवाया शीश

इससे पहले शिक्षा मंत्री ने श्री छिन्नमस्तिका धाम माता श्री चिंतपूर्णी जी मंदिर में शीश नवाया। उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना की और प्रदेश वासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। सुदर्शन सिंह बबलू, अनूप रत्न, जतिन लाल तथा सचिन शर्मा उनके साथ रहे। मंदिर प्रशासन ने मंत्री समेत सभी मेहमानों को माता की फोटो फ्रेम और प्रसादी चुनरी देकर सम्मानित किया।