Loading...

एचआरटीसी कर्मचारियों का पैसा हड़पने वाले सीनियर ऑडिटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज

Ankita • 27 Jul 2023 • 1 Min Read

कर्मचारियों के भत्तों की रकम अपने और परिजनों के खाते में डालता था आरोपी

HNN/ चंबा

हिमाचल प्रदेश में एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, यहां चंबा में तैनात एक सीनियर ऑडिटर ने हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों के भत्तों की रकम अपने और परिजनों के खाते में डाल ली। इस तरह धोखाधड़ी कर गबन की गई कुल रकम 29 लाख रुपए बताई गई है।

आरोपी के खिलाफ राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो नॉर्थ जोन ने धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। विजिलेंस ब्यूरो ने एचआरटीसी कर्मियों के देय भुगतान के 29 लाख रुपए के गबन के आरोप जांच में सही पाए जाने पर चंबा में तैनात कर्मचारी सुरेंद्र कुमार (तत्कालीन सीनियर ऑडिटर एचआरटीसी यूनिट चंबा) के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 409, 467, 471 और 12 (2) पीसी एक्ट 1983 के तहत मामला दर्ज किया है।

सुरेंद्र कुमार पर आरोप था कि उसने एचआरटीसी चंबा के कर्मचारियों के देय भुगतान मसलन नाइट अलाउंस, ओवर टाइम अलाउंस, पे एरियर, सेलरी, मेडिकल भत्ता, ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट, (जीएसएलआई), टीए क्लेम और जीपीएफ आदि की राशि को लाभार्थियों के बैंक अकाउंट में नहीं डालकर अपने और परिवार के खातों में डालकर 29 लाख से अधिक की राशि का गबन किया है।

राशि का गबन आरोपी ने करीब 17 साल पहले किया है। इसके बाद आरोपी सुरेंद्र कुमार को चंबा से रोहडू ट्रांसफर कर दिया गया था। विजिलेंस चंबा की जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर यह मामला दर्ज किया गया है।