एचआरटीसी की बसों में अब कैशलेस होगा सफर, यात्री इस तरह दे सकेंगे किराया….
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की बसों में इसी महीने ही कैशलैस सफर होगा। एचआरटीसी ने इसके लिए नई हाईटैक ई टिकटिंग मशीनें खरीदी है। एचआरटीसी के शिमला स्थित निगम मुख्यालय में इन मशीनों का ट्रायल हुआ है। इसमें देखा जा रहा है कि पेमेंट के दौरान कोई दिक्कत पेश तो नहीं आ रही है।
बीते सप्ताह स्टेट बैंक के अधिकारियों की मौजूदगी में डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड से किराये के भुगतान का ट्रायल किया गया था जो कामयाब रहा। कैशलेस भुगतान की सुविधा शुरू करने के लिए एचआरटीसी ने 4,500 एंड्रॉयड टिकटिंग मशीनें खरीदी हैं। ई-टिकटिंग मशीनों के जरिये यात्री यूपीआई के अलावा गूगल पे, पेटीएम, फोन पे या भीम एप से भी किराये का भुगतान कर सकेंगे।
क्यूआर कोड स्कैन कर डिजिटल भुगतान भी कर सकेंगे। एचआरटीसी के खाते में पैसा आते ही मशीन टिकट बनाकर देगी। यात्री के बैंक खाते से पैसा सीधे एचआरटीसी के खाते में जमा होगा। इससे खुले पैसे की समस्या भी हल हो जाएगी।
नई ई-टिकटिंग मशीन में किराये के भुगतान के तीन विकल्प मौजूद होंगे। यात्री क्यूआर कोड स्कैनिंग, एटीएम कार्ड स्वैपिंग या नकदी देकर किराये का भुगतान कर सकेंगे। निगम की वोल्वो, एसी, नॉन एसी, सुपर फास्ट और साधारण सभी श्रेणी की बसों में यह सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।