Loading...

एचआरटीसी के सेवानिवृत्त कर्मियों में पेंशन न मिलने पर रोष सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ जताई नाराजगी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 10 May 2025 • 1 Min Read

नाहन

हिमाचल प्रदेश परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच की मासिक बैठक पांवटा साहिब के बस पड़ाव में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंच के जिला प्रधान मोहन सिंह ठाकुर ने की। इस अवसर पर मंच की विभिन्न लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मांगों को लेकर नाराजगी

बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने पेंशन के समय पर भुगतान न होने पर गहरा रोष प्रकट किया। सदस्यों ने कहा कि अप्रैल माह की पेंशन 10 मई 2025 तक नहीं दी गई है, जिससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा ढाई साल से लंबित मेडिकल बिलों का भुगतान, मेडिकल भत्ते को 1000 रुपये प्रति माह करने की मांग, वर्ष 2006 और 2016 के संशोधित वेतनमान और एरियर का भुगतान जैसी मांगें भी अभी तक पूरी नहीं की गई हैं।

आतंकी हमले की निंदा

बैठक की शुरुआत में सभी सदस्यों ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। आतंकियों के हमले में मारे गए लोगों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही केंद्र सरकार के आतंकवाद के खिलाफ कड़े रुख की सराहना की गई।

सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित

सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर सरकार और निगम प्रबंधन से मांग की कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित मांगों पर तुरंत विचार किया जाए। मंच के महासचिव हर शरण शर्मा ने कहा कि अगर जल्द ही इन मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो सेवानिवृत्त कर्मचारी आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।

उपस्थित सदस्य

बैठक में महेंद्र सिंह, गोर्खु राम, गीता राम, अशरफ अली, मोहम्मद इस्लाम, रामनाथ, भारत सिंह, हरि शरण शर्मा, गुमान सिंह, मोहन सिंह, अमन कुमार, ब्रह्म स्वरूप, खुशीराम शर्मा, हरण सिंह, सुरेश कुमार, अमरेश कुमार और सतीश कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।