एचआरटीसी चालकों को मिलेगा दो माह का रात्रिकालीन ओवरटाइम भत्ता, पेंशनरों के लिए 150 करोड़ का ऋण स्वीकृत
एचआरटीसी : राज्य सरकार ने एचआरटीसी चालकों को जुलाई और अगस्त में रात्रिकालीन ओवरटाइम भत्ता देने और पेंशनरों के लिए 150 करोड़ रुपये का ऋण मंजूर किया है। बैठक में हुई सहमति के बाद यूनियन ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
शिमला
बैठक में बनी सहमति, यूनियन ने आंदोलन किया खत्म
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में मंगलवार देर शाम हुई बैठक में यूनियन की मांगों पर सहमति बनने के बाद एचआरटीसी चालक यूनियन ने अपना आंदोलन वापस ले लिया। यूनियन ने पहले 1 अगस्त से केवल 8 घंटे ड्यूटी देने और ओवरटाइम न करने की चेतावनी दी थी।
वरिष्ठ चालकों को मान्यता और लंबित भुगतान जल्द होगा जारी
बैठक में यह भी तय हुआ कि एचआरटीसी के 205 वरिष्ठ चालकों को बिना किसी अतिरिक्त वित्तीय लाभ के नामित वरिष्ठ चालक का दर्जा दिया जाएगा। पिछले छह माह से लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति राशि भी जल्द जारी की जाएगी और चालकों को यूनिफार्म के दो सेट प्रदान किए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।