एचआरटीसी बस की हुई ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से टला हादसा
HNN/ सोलन
हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्रदेश में आए दिन कई सड़क हादसे देखने को मिल रहे हैं। आज नया मामला ढकरियाना और रावण की जोहड़ी के बीच मझेड़ गांव के पास का है, यहां एक एचआरटीसी बस की ब्रेक फेल हो गई।
हालांकि गनीमत यह रही कि हादसे में किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। बता दें चालक परिचालक समेत बस में सवार सभी यात्री बिल्कुल सुरक्षित है। जानकारी के मुताबिक, सोलन डिपो की रामशहर से सोलन चलने वाली बस की मंगलवार सुबह करीब 7 बजे ढकरियाना और रावण की जोहड़ी के बीच मझेड़ गांव के पास ब्रेक फेल हो गई।
इस दौरान चालक बस से नियंत्रण खो बैठा लेकिन उसने सूझबूझ से काम लेते हुए बस को पहाड़ी की ओर घुमा दिया। बताया जा रहा है कि बस की प्रैशर पाइप फटने से ब्रेक फेल हुई। पंचायत प्रधान प्रेम सिंह ने बताया कि बस में 7 लोग सवार थे। उन्होंने कहा कि बस में सफर कर रहे सभी यात्री सुरक्षित हैं।