एचआरटीसी बस से पुलिस ने पकड़ी 2 किलो चरस, जांच में जुटी पुलिस
HNN/ शिमला
राजधानी शिमला के कुमारसैन में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एचआरटीसी की बस से नशे की खेप पकड़ी है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई है। जानकारी के अनुसार, कुमारसैन पुलिस की टीम एसएचओ विरोचन नेगी की अगुवाई में कुमारसैन के निकट पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि छतरी-शिमला की एचआरटीसी बस में नशे की खेप हो सकती है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने कुमारसैन पर नाका लगाया। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने सामने से आ रही एचआरटीसी बस को रुकवाया। जिसके बाद पुलिस ने बस की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बस में पड़े एक लावारिस बैग से चरस बरामद हुई जोकि 2 किलो 8 ग्राम पाई गई। पुलिस ने बस में सवार सभी लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं।
उधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी चंद्रशेखर कायथ ने बताया कि एचआरटीसी की बस से नशे की खेप बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।