Loading...

एचएएस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से की भेंट, सुशासन और पारदर्शिता का मिला संदेश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 23 Apr 2025 • 1 Min Read

शिमला

जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता से लागू करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने दी समयबद्ध विकास कार्यों की सीख
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से आज हिमाचल प्रशासनिक सेवाओं (एचएएस) के विभिन्न बैचों के अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस प्रतिनिधिमंडल में वर्ष 2024 बैच के 6 परिवीक्षाधीन अधिकारी तथा 2022, 2023 और 2024 बैच के 16 पदोन्नत अधिकारी शामिल थे। सभी अधिकारी इस समय डॉ. मनमोहन सिंह हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान, शिमला में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

ईमानदारी और पारदर्शिता को बताया प्रशासनिक सेवा की रीढ़
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए ईमानदारी और पारदर्शिता जैसे गुणों को व्यवहार में लाना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से सुशासन के लिए प्रयास करने और सरकार की योजनाओं को प्राथमिकता से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

तकनीक आधारित पारदर्शी शासन की बात
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शासन में पारदर्शिता लाने के लिए आधुनिक तकनीकों को अपनाना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी की परंपरा समाप्त की जानी चाहिए और प्रत्येक परियोजना के लिए निश्चित समय सीमा निर्धारित कर समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करना चाहिए।

आयुष मंत्री भी रहे मौजूद
इस अवसर पर आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी नव प्रशिक्षित अधिकारियों को बधाई दी और बेहतर सेवाभाव के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।