30 बालिकाओं ने सीखा हुनर, अब आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेंगी कदम
इनर व्हील क्लब नाहन ने ब्यूटीशियन प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का किया समापन, प्रतिभागियों को बांटे प्रमाणपत्र
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
इनर व्हील क्लब नाहन की ओर से वार्ड नंबर 13 स्थित गोविंदगढ़ मोहल्ले की आंगनवाड़ी में 30 बालिकाओं के लिए आयोजित ब्यूटीशियन प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ।
प्रशिक्षण का उद्देश्य बालिकाओं को व्यावहारिक कौशल से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाना था।समापन समारोह में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली सभी 30 बालिकाओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षक प्रीत कौर भी मौजूद रहीं। इस दौरान बालिकाओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
इनर व्हील क्लब नाहन की अध्यक्ष प्रिया शर्मा ने कहा कि क्लब का प्रयास समाज की बालिकाओं और महिलाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर कौशल विकास और स्वरोजगार से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने प्रशिक्षण पूरा करने वाली सभी बालिकाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब की सदस्य संजना सैनी, ममता अग्रवाल और मोनिका का विशेष सहयोग रहा। क्लब की ओर से कहा गया कि भविष्य में भी बालिकाओं और महिलाओं के लिए इस प्रकार के कौशल विकास कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे, ताकि वे अपने हुनर के माध्यम से स्वरोजगार हासिल कर आत्मनिर्भर बन सकें।